वैकल्पिक मार्ग खस्ताहाल है। इसके बाद भी लालपुर पुल को रविवार से हमेशा के लिए बंद कर दिया गया। पुल पर बैरीकेडिंग लगा दी गई। मशीनों ने अपना काम शुरू कर दिया। पुल बंद होने से टांडा इलाके की पांच लाख की आबादी का रामपुर से संपर्क टूट गया है।
प्रानपुर-तोपखाना रोड पर पुल तो है, लेकिन रास्ते अच्छे नहीं होने के कारण यह वैकल्पिक रास्ता राहगीरों को मुसीबत का पहाड़ साबित होगा। टांडा क्षेत्र के लोग जिला मुख्यालय तक मशक्कत के बाद आ-जा सकेंगे।
लालपुर बैराज का निर्माण तो चल ही रहा है, लेकिन अब सेतु निगम की ओर से लालपुर के जर्जर पुल के स्थान पर नया पुल बनाया जाना है। इसकी मंजूरी भी मिल चुकी है।
नगर विकास मंत्री आजम खां की नाराजगी के बाद हरकत में आई सेतु निगम की टीम ने आनन-फानन में काम शुरू कर दिया। नगर विकास मंत्री ने बिजलीघर के शिलान्यास समारोह में भी लालपुर पुल का निर्माण तेजी से कराने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद सेतु निगम के अफसर हरकत में आ गए हैं।
प्रस्ताव के अनुसार लालपुर पुल को तोड़कर उसे नए सिरे से बनाया जाना है। इसके लिए अस्थाई पुल का निर्माण किया जाना है, लेकिन अस्थाई पुल के निर्माण से पहले ही सेतु निगम के अफसरों ने जर्जर पुल को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी। सेतु निगम के अफसरों ने लालपुर पुल पर रविवार को आवागमन बंद कर दिया।