आपका पालतू डॉगी गुमसुम रहता है... चिड़चिड़ा और कमजोर हो रहा है... यदि जवाब हां में है तो सावधान हो जाइये। आपके प्यारे डॉगी को डायबिटीज हो सकती है। उसे फौरन विशेषज्ञ पशु चिकित्सक के पास ले जाएं। लैब्राडॉर, शेंट वरनार्ड और पग प्रजाति में डायबिटीज तेजी से फैल रही है।
रामपुर में इन प्रजातियों के 10 डॉगी की ब्लड जांच में 8 डायबिटीज से पीड़ित मिले। समय रहते अपने डॉगी का इलाज नहीं कराया तो उसे भी मनुष्यों की तरह अटैक पड़ सकता है। उसकी जान भी जा सकती है। रामपुर में पिछले दिनों पशुचिकित्सा विभाग ने लैब्राडॉर, शेंट वरनार्ड और पग प्रजति के 10 पालतू डॉगी की ब्लड जांच कराई।
इस जांच से खुलासा हुआ कि पालतू डॉगी में डायबिटीज का रोग तेजी से फैल रहा है। जर्मन शेफर्ड और ग्रेट डेन प्रजाति के चार डॉगी की भी जांच में उनके शरीर में शुगर लेवल खतरनाक मुहाने पर पाई गई। पशुपालन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पालतू डॉगी में डायबिटीज की बीमारी तीन साल से बढ़ी है। रामपुर में जर्मन शेफर्ड, लैब्राडॉर, पग, ग्रेट डेन और शेंट वरनार्ड प्रजाति के करीब 800 पालतू डॉगी हैं।
घर में पका खाना, फास्ट फूड और मूवमेंट न करने से इन प्रजातियों के डॉगी में डायबिटीज की बीमारी तेजी से फैल रही है। लोग पालतू डॉगी के खान-पान में बदलाव नहीं कर रहे हैं। जो खाना खुद पी रहे हैं, वही डॉगी को खिला रहे हैं। फास्टफूड और मीठे बिस्कुट डॉगी के स्वास्थ्य के लिए खतरा हैं। कुछ प्रजाति के डॉगी घर में ही कैद रहते हैं। इस कारण उनमें डायबिटीज रोग फैल रहा है।
- उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. केपी सिंघल