पूह (किन्नौर)। किन्नौर जिले में दिनप्रतिदिन बढ़ रहे कोरोना के मामले को लेकर लिप्पा पंचायत ने बैठक का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता प्रधान लिप्पा हरीश ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव के अंदर फेरी वाले और विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले मजदूरों का पंजीकरण करना होगा।
बिना पंजीकरण के मजदूरों को गांव में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पंचायत ने कहा कि जो लोग मजदूरों को बाहर से ला रहे है, उन्हें पहले पंचायत को सूचित करना होगा। जब तक मजदूरों की कोविड रिपोर्ट निगेटिव नहीं आती, तब तक गांव में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों से 200 रुपए जुर्माना वसूला जाएगा। पंचायत में नियमों का पालन हो रहा है या नहीं इसके लिए कमेटी का गठन किया गया है।