मिलक। युवक के झांसे में आई एक किशोरी दिल्ली में मिली। पुलिस ने किशोरी को एनजीओ और परिवार वालों के सहयोग से बरामद किया है। पुलिस ने अपहरण के आरोपी को धर दबोचा है। वहीं, पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट व दुष्कर्म के आरोप की धारा को भी एफआईआर में शामिल किया है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी किशोरी एक युवक के झांसे में आ गई थी। इसके बाद युवक किशोरी को फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिवार वालों ने मामले की तहरीर चार नवंबर को प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार सिंह को दी। इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था। पुलिस परिवार वालों के साथ आरोपी युवक की धर पकड़ और किशोरी की बरामदगी में लग गई।
पुलिस को सूत्रों से किशोेरी की लोकेशन दिल्ली में मिली। आरोपी अगवा किशोरी को लेकर चेन्नई जाने की तैयारी कर रहा था। इस बीच दिल्ली में एनजीओ नजर आरोपी युवक के साथ किशोरी पर पड़ी, जिस पर उन्होंने पूछताछ की। तब युवक ने सच उगल दिया। पुलिस ने मिलक पुलिस और परिवार वालों को सूचना दी। तब हरकत में आए परिजन दिल्ली पहुंचे और पुलिस परिवार वालों के सहयोग से किशोरी को कोतवाली ले आई।
पुलिस ने आरोपी फरमान को भी धर दबोचा। पुलिस ने बरामद किशोरी का मेडिकल कराने और बयान दर्ज करने की कवायद शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि किशोरी के बयान के आधार पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट (प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंस एक्ट) के तहत धाराएं बढ़ा दी गई हैं।