बिलासपुर। खजुरिया थाना क्षेत्र के एक युवक की केरल में मृत्यु हो गई। परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया है। युवक का शव शनिवार की रात घर पहुंचा है। परिजनों ने रात में ही सुपुर्दे खाक कर दिया।
खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम रम्पुरा निवासी शहादत हुसैन के अनुसार उनके गांव निवासी मोहम्मद रफीक का पुत्र शहजान 24 केरल की एक कंपनी में सुपरवाइजर का काम करता था। 19 जनवरी की रात कुछ लोगों से उसके कमरे से बुलाकर ले गए। आरोप है कि कमरे से करीब 15 किलोमीटर दूर एक रेलवे क्रॉसिंग के पास हत्या करके उसके शव को फेंक दिया। घटना की सूचना पाकर केरल में काम कर रहे मृतक के चचेरे व तहेरे भाई मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को दे दिया। शव लेकर परिवार के लोग शनिवार की रात गांव पहुंचे। इसके बाद युवक के शव को सुपुर्दे खाक कर दिया। परिजनों का आरोप है कि शहजान की हत्या की गई है, मगर केरल पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। युवक की मौत से परिवार के लोग बेहद गम में हैं।