रामपुर। शहर में कई मोहल्लों में बिजली के तार लटके हुए हैं और पोल भी जर्जर हाल हैं। ऐसे में शहर के मोहल्लों में जगह-जगह पर यह देखने को मिला। शौकत अली रोड, शाहबाद गेट, गायत्रीपुरम, सिविल लाइंस क्षेत्र में कांवड़ियों को आवागमन होगा, लेकिन इन क्षेत्रों में अभी भी बिजली तारों और पोलों की हालत बेहद खराब है। जिससे हादसे होने का खतरा बढ़ सकता है।
रामपुर जिले में बिजली विभाग जगह-जगह बिजली व्यवस्था को दुरूस्त कराने का काम कर रहा है। जगह-जगह नए ट्रांसफार्मर और बिजली के तार डालने का काम कर रहा है। ग्रामीण इलाकों में तो लगभग बिजली के पोल और तारों को बदलने का काम लगभग 50 प्रतिशत पूरा कर दिया गया है। जबकि अभी शहर में व्यवस्थाएं दुरुस्त होने का नाम नहीं ले रहीं। शाहबाद गेट पर अस्पताल रोड की मोड़ पर दो खंभे तिरछे लगे हुए हैं। इन पर सैकड़ों तार मकड़जाल की तरह लिपटे हुए हैं। इनमें कई तार टूट कर गिर चुके हैं। टीम भी कई बार यहां पर तार को जोड़ चुकी है, लेकिन बारिश के चलते यह लटक जाते हैं और फिर टूटकर गिरते हैं। गायत्रीपुरम कॉलोनी का हाल यह है कि यहां पर लंबे समय से बारिश से भीग रहे खंभों में अब जंक लग चुकी है और नीचे से खोल बन चुके हैं। तिरछे और खोल वाले खंभे गिरने की स्थिति में हैं। इसके अलावा सिविल लाइन के आगे पनवड़िया रोड पर लाइन से जंक लगे पोल लगे हुए हैं। यहां पर भी काफी अधिक तार एक पोल पर चिपके हुए हैं और ढीले होकर लटकने लगे हैं। ऐसा नहीं कि बाशिंदों ने इसकी शिकायत न की हो, लेकिन बिजली विभाग इसकी सुध नहीं ले रहा। सावन आने पर कांवड़ यात्राएं निकलती हैं। ऐसे में यह लटके तार और तिरछे पोल कभी भी समस्या बन सकते हैं।