रामपुर। रमजान के अलविदा जुमे की नमाज सड़कों पर अदा नहीं होगी। जुमा अलविदा की नमाज को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच नमाज होगी। ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। शहरकाजी मौलाना सैयद अहमद अली उर्फ खुशनूद मियां ने लोगों से मस्जिदों के अंदर ही नमाज अदा करने की अपील की है। शुक्रवार को जामा मस्जिद सहित शहर की मस्जिदों में अलविदा जुमे की नमाज अदा होगी। शहरकाजी सहित पुुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने सड़कों पर नमाज अदा न करने की बात कही। शहरकाजी सैयद खुशनूद मियां ने कहा कि अपने मोहल्लों की मस्जिद में ही अलविदा जुमे की नमाज अदा करें। कहा कि जिला इंतजामिया कमेटी ने सड़कों पर नमाज पढ़ने की पाबंदी लगाई है, इसलिए नमाज मस्जिद परिसर में ही पढ़ें।
वहीं दूसरी तरफ जिला इंतजामिया कमेटी ने भी अलविदा जुमे की नमाज को लेकर अपनी तैयारियां कर ली हैं। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने कहा कि नमाज इबादतगाहों के अंदर होगी। नमाज के दौरान अधिकारी भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेंगे। शासन की ओर से सभी जनपदों के डीएम और एसपी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये नमाज को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के आदेश दिए हैं। पुलिस अधिकारी लगातार मुस्लिम उलमा के साथ बैठक कर रहे हैं। शरारती तत्वों की टोह लेने के लिए पुलिस ड्रोन से निगरानी करेगी। इसके अलावा सभी मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहेंगे। इसके लिए सीओ व एसडीएम पूरी तरह निगरानी रखेंगे।
सोशल मीडिया पर भी रहेगी पुलिस की नजर
जुमा अलविदा को लेकर सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर है। पुलिस सोशल मीडिया की भी मॉनीटरिंग कर रही है। सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर एसपी राजेश द्विवेदी ने सख्त आदेश जारी कर दिए हैं।
जुमा अलविदा की नमाज को लेकर जिले भर में सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। ड्रोन के जरिये नजर रखी जाएगी। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। किसी भी तरह से माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- राजेश द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक