रामपुर। जिलाधिकारी ने जिले में कार्यरत सभी पेट्रोल पंपों की जांच के लिए तहसीलवार संयुक्त जांच टीम गठित करते हुए निर्देशित किया है कि संयुक्त जांच टीम द्वारा रैंडम आधार पर पेट्रोल पंपों का चयन कर सप्ताह में कम से कम एक दिन निरीक्षण व जांच अवश्य की जाए।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के आदेशानुसार मैसर्स भारत ऑटो सर्विस बिलासपुर गेट एवं मैसर्स महालक्ष्मी मोटर्स सिविल लाइंस रामपुर की जांच उपजिलाधिकारी सदर, जिला पूर्ति अधिकारी, बाट माप निरीक्षक, सेल्स ऑफिसर आईओसी (इंडियन ऑयल कार्पोरेशन), पूर्ति निरीक्षक नगर की संयुक्त टीम द्वारा की गई। जिला पूर्ति अधिकारी अभिषेक कुरील ने बताया कि निरीक्षण में पेट्रोल व डीजल की शुद्धता तथा मात्रा की जांच की गई, जो मानक के अनुरूप पाई गई। इसके अतिरिक्त तहसील शाहबाद में मैसर्स पंचशील फिलिंग स्टेशन शाहबाद एवं मैसर्स क्वालिटी एवं क्वांटिटी फिलिंग सेंटर ढकुरिया शाहबाद के पेट्रोल पंपों का निरीक्षण उपजिलाधिकारी शाहबाद, बाट माप निरीक्षक सेल्स आफीसर आईओसी एवं पूर्ति निरीक्षक शाहबाद की संयुक्त टीम द्वारा किया गया, जिसमें डीजल एवं पेट्रोल मानक के अनुरूप पाया गया, स्टॉक सही पाया गया, बेबी फीडिंग रूम, पीने के पानी की व्यवस्था तथा टॉयलेट आदि साफ पाया गया। जिला पूर्ति अधिकारी ने समस्त पेट्रोल पंप धारकों को निर्देशित किया कि जांच टीम का सहयोग करते हुए अपने पेट्रोल पंपों पर जनता के लिए समस्त सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए डीजल पेट्रोल की शुद्धता बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की घटतौली आदि की कोई शिकायत न आए।