रामपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर जयाप्रदा ने गुरुवार को कई स्थानों पर जनसभा को संबोधित किया। जयाप्रदा ने सपा शासन के अपने अनुभव साझा किए। कहा कि रामपुर की महान जनता ने मुझे सांसद बनाया था, लेकिन सिर्फ एक नेता के कारण मुझे रामपुर में रूकने तक का अधिकार नहीं था। मजबूरी में मुझे मुरादाबाद जाकर होटल लेना पड़ता था और वहीं ठहरती थी।
रामपुर का एक नेता महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी करता है। महिलाओं को ठुमके वाली और नाचने वाली की उपाधि से नवाजा जाता था। उन्होंने कहा कि रामपुर में हमने तमाम विकास कार्य कराने के प्रयास किए, लेकिन हमारे कार्यों को उसी नेता की वजह से रोक दिया जाता था। क्योंकि, वह नहीं चाहता था कि रामपुर की जनता का भला हो। उसे तो सिर्फ अपने भले की चिंता थी। आज वह अपने कर्मों की सजा भोग रहा है।
साथ ही कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद रामपुर में कानून का राज स्थापित हुआ है। अब पुलिस गरीबों और आम जनता की सुनवाई करती है। इस मौके पर भाजपा के प्रत्याशी आकाश सक्सेना, राजीव मांगलिक, जतिन सिडाना, अनिल अरोड़ा, रवि अग्रवाल, अजय अरोरा, जगन्नाथ चावला, मनोज भाटिया, पुष्पेंद्र अग्रवाल, विजय अग्रवाल , नवीन भाटिया, मुकेश आर्य आदि उपस्थित रहे।