रामपुर। जनपद में फसल खरीद में घपले के आरोपों पर जांच शुरू हो गई है। क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक के आदेशों पर इस मामले में सात सदस्यीय मंडल स्तरीय जांच टीम का गठन किया गया हैै। टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पांच अगस्त को दिल्ली-गाजीपुर बॉर्डर पर भाकियू टिकैत के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने रामपुर में फसलों की खरीद में बड़ी धांधली का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि बिचौलियों के माध्यम से क्रय केंद्रों पर फसल खरीद की गई। इसके लिए फर्जी किसानों का पंजीकरण किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में करीब 11 हजार फर्जी किसानों से खरीद की गई है। इस कारण जिले के वास्तविक किसानों को एमएसपी का लाभ नहीं मिला। मामले के सुर्खियों में आने के बाद अब विभागीय जांच शुरू हो गई है। क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक के आदेशों पर मंडल स्तर पर सात सदस्यीय टीम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जांच कमेटी का अध्यक्ष आरएमओ को बनाया गया है। आरएमओ दिनेश तिवारी ने बताया कि क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक के आदेशों पर सात सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। इसमें उनके अलावा मुरादाबाद-संभल के एएमओ के साथ ही रामपुर के एएमओ और मुरादाबाद-संभल के डिप्टी आरएमओ को शामिल किया गया है। दिनेश तिवारी ने बताया कि मामले में टीम ने जांच शुरू कर दी है और गवाही ली जा रही है।