केमरी। खेमपुर गांव में सात वर्षीय मासूम शिवांश की हत्या कर शव खेत में फेंकने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। तीन टीमों का गठन कर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही घटना वाले दिन निकली शोभायात्रा की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली गई है।
खेमपुर गांव निवासी कंबाइन चालक सुनील कुमार का सात वर्षीय पुत्र मंगलवार को घर से अचानक गायब हो गया था। काफी तलाश के बाद भी पता न चलने पर पिता ने केमरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बृहस्पतिवार को तलाश के दौरान गांव के पास गेहूं के खेत में बच्चे का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने बताया कि रविवार को जांच टीमों ने आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में निकली शोभायात्रा की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में मासूम की मौजूदगी और उसके साथ दिख रहे लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गांव में घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।