रामपुर सीएमओ कार्यालय पर साक्षात्कार के इंतजार में बैठे अभ्यर्थी।
- फोटो : अमर उजाला
नेशनल हेल्थ मिशन के तहत विभिन्न पदों पर संविदा नियुक्तियों के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। पहले दिन सैकड़ों की संख्या में आवेदक साक्षात्कार में शामिल होने के लिए पहुंचे। सोमवार को 12 श्रेणियों में विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार हुए। साक्षात्कार की प्रक्रिया देर शाम तक चली। शेष पदों पर मंगलवार व बुुधवार को साक्षात्कार होंगे।
नेशनल हेल्थ मिशन में सीएमओ के अधीन 191 पदों के लिए फरवरी माह में विज्ञप्ति जारी की गई थी। इन पदों पर संविदा नियुक्ति के लिए सोमवार से साक्षात्कार प्रक्रिया सीएमओ कार्यालय में शुरू हुई। सोमवार को विशेषज्ञ चिकित्सक, एलोपैथिक महिला चिकित्सक, पार्ट टाइम एलोपैथिक चिकित्सक, डेंटल सर्जन, आयुष चिकित्सक, एलोपैथिक फार्मासिस्ट, आयुष फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, एक्स-रे टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स व लैब सहायक के पदों पर साक्षात्कार हुए।
साक्षात्कार के लिए करीब एक हजार आवेदकों को बुलाया गया था। आवेदकों की संख्या अधिक होने के कारण साक्षात्कार की प्रक्रिया को निर्धारित समय से अधिक समय तक चलाना पड़ा और देर शाम तक प्रक्रिया चलती रही।