रामपुर। मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक शलभ माथुर और एसपी अंकित मित्तल ने शहर स्थित बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने रामपुर शहर में स्थित शम्सी गर्ल्स इंटर कॉलेज, हादी पब्लिक स्कूल, इकरा मॉडल प्ले स्कूल और मॉडर्न पब्लिक स्कूल पहुंचकर मतदान के दृष्टिकोण से तैयारियों का जायजा लिया।
पूरे जिले में बूथों पर विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के अंतर्गत मतदान कार्य को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंडलायुक्त और पुलिस उपमहानिरीक्षक ने पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल और उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. वैभव शर्मा सहित अन्य अधिकारियों को आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सभी मानक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बूथों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध रहें तथा कोविड-19 प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से मतदाताओं को बूथ पर आने और मतदान के उपरांत बाहर निकलने के लिए अलग-अलग रास्ते हों, ताकि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो सके और निर्बाध रूप से शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया संपन्न हो सके। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट हेम सिंह सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।