डीएम ने किया जौहर मेडिकल कालेज का निरीक्षण, सुविधाएं पूरी करने के निर्देश
फोटो---
रामपुर। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने जौहर मेडिकल कॉलेज में कोविड संक्रमित मरीजों के उपचार के दृष्टिगत की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करके जायजा लिया।
कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए प्रशासनिक स्तर से हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। कोविड-19 संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जौहर मेडिकल कॉलेज का अधिग्रहण किया गया है। जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर बेडों की संख्या, ऑक्सीजन सिलेंडरों की उपलब्धता, स्टाफ की तैनाती और साफ-सफाई सहित विभिन्न बिंदुओं पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी संजीव यादव से जानकारी प्राप्त की तथा शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार सभी व्यवस्थाएं यथाशीघ्र दुरुस्त कराने के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने बताया कि जौहर मेडिकल कॉलेज स्थित कोविड केयर सेंटर में एल-1 के तहत 200 बेड तैयार कराए जाने हैं, जिनमें से 50 ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ बेड पूरी तरह तैयार करा दिए गए हैं और शेष के लिए जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है। जिला चिकित्सालय में पहले से ही 100 बेड युक्त एल-2 कोविड केयर सेंटर संचालित है, जिसमें ऑक्सीजन जेनेरेटर प्लांट भी है तथा 35 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीनें भी मौजूद हैं। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन सिलेंडर भी मौजूद हैं ताकि मरीजों को बेहतर उपचार सेवाएं मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों को स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए आरओ स्थापित कराएं और मरीजों के लिए भोजन हेतु युनिवर्सिटी परिसर में ही रसोई संचालित कराएं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम भरत तिवारी और जिला मलेरिया अधिकारी पंकज द्विवेदी भी मौजूद रहे।
-प्रमोद कुमार लोधी