कोसी नदी में टांडा और स्वार तहसील क्षेत्र के गांवों में हो रहे अवैध खनन को रोकने में पुलिस और प्रशासन के अफसर एकराय नहीं हैं। पुलिस अफसर कहते हैं खनन एकदम बंद है, जबकि प्रशासन के अफसर कहते हैं कि खनन की सूचनाएं मिल रही हैं। उधर, कोसी में खनन की सूचना पर छापामारने गई टीम खाली हाथ लौट आई। क्योंकि छापे की सूचना पहले ही लीक होने के कारण खनन के धंधेबाज छिप जाते हैं।
कोसी नदी के टांडा और स्वार तहसील के तमाम गांवों में अवैध खनन को लेकर पुुलिस और तहसील का प्रशासन एक राय नहीं लग रहा है। क्षेत्र में पुलिस एक तरफ खनन लदे वाहन पकड़ती जा रही है, वहीं खनन से इनकार भी कर रही है। लेकिन लगातार प्रशासन के अधिकारियों के पास खनन होने की सूचनाएं मिल रही हैं।
सोमवार से लेकर गुरुवार तक कई बार छापेमारी की गई, लेकिन छापे की सूचनाएं लीक होने के कारण कोई खनन धंधेबाज नहीं पकड़ा जा सका। बताते हैं कि खनन के धंधेबाज छापामारी होने पर खेतों में फावड़ा लेकर खड़े हो जाते हैं और अपने आपको किसान बताने लगते हैं।