फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: खंडहर में चल रही अवैध असलहा फैक्टरी का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

Thu, 29 Oct 2026 11:59 PM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र के शिवापुरम स्थित एक खंडहर में अवैध असलहा फैक्टरी चल रही थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापा मारकर मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से बने और अधबने हथियारों के साथ कारतूस तथा असलहे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक, आरोपी हथियार तैयार कर एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से बेचते थे और अवैध कमाई करते थे। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
एसपी अनिल सिंह शिशोदिया के अनुसार, अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बृहस्पतिवार को थाना सिविल लाइंस पुलिस ने स्वाट, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम के साथ कार्रवाई की। टीम ने मुखबिर की सूचना पर शिवापुरम स्थित खंडहर में दबिश दी। यहां से अजीमनगर थाना क्षेत्र के खिमौतिया खेड़ा निवासी वीर सिंह और खिमौतिया बख्ती निवासी बनवारी लाल को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन

एसपी के मुताबिक, पुलिस ने मौके से एक सिंगल बैरल बंदूक 12 बोर, दो देशी रायफल 315 बोर, एक अधबनी बंदूक, पांच तमंचे 315 बोर और तीन तमंचे 12 बोर बरामद किए हैं। इसके अलावा 315 बोर के चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस तथा 12 बोर के आठ जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस भी मिले हैं।
हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली चार नाल, लोहे के दस बट और अन्य पुर्जे भी बरामद किए गए हैं। खंडहर में हथियार बनाने और उनकी मरम्मत में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी मिले हैं। बरामदगी से मौके पर हथियार तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की मौजूदगी का पता चला है।
एसपी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अवैध हथियार तैयार करते थे और मिलक खानम थाना क्षेत्र के पिपलिया जट निवासी शाहिद के माध्यम से उनकी बिक्री कर अवैध धन अर्जित करते थे। शाहिद फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। इस मामले में थाना सिविल लाइंस में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें