स्पोर्ट्स स्टेडियम की सड़क के लिए आलियागंज में मकान तोड़े जाने के विरोध भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। पीड़ित परिवार सहित गांव की महिलाएं भी भूख हड़ताल में शामिल हैं।
आसमान से बरसती आग, गर्म हवा के थपेड़े और गर्द भरी हवाओं के बीच यह लोग आलियागंज में हड़ताल पर डटे हैं। लोगों ने जहां प्रशासन से मुआवजे की मांग की वहीं जुल्म से निजात के लिए दुआ भी कराई गई।
स्पोर्ट्स स्टेडियम जाने वाले रास्ते पर आलियागंज में बुधवार को प्रशासन ने मकानों को अवैध बताते हुए जेसीबी चलवा दी थी। पांच मकान गिराए गए थे। मुद्दे पर क्षेत्रीय विधायक यूसूफ अली और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हाफिज अब्दुल सलाम ने प्रशासन का विरोध किया था। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष का विरोध प्रदर्शन जारी रहा।
अब्दुल सलाम की बेमियादी भूख हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही। उनके साथ गांव की महिलाएं भी बैठी हुई हैं। पीड़ित परिवार की महिला आशिया ने भी भूख हड़ताल शुरू कर दी है। इस मौके पर अब्दुल सलाम ने कहा कि आलियागंज में प्रशासन ने गरीबों के साथ नाइंसाफी की है। उन्होंने आजम के साथ प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
मौलाना नसरूद्दीन ने गांव की सलामती के साथ ही जुल्म से निजात दिलाने के लिए दुआ कराई। इस मौके पर शकील पाशा, अब्दुल कलाम, बाबू भाई, खलील अहमद, महफूज अली, मुस्तफा हुसैन, हाफिज सिराज, नामे अली, कासिम, नजाकत, जुम्मा,शाहिद हुसैन, युसूफ अली, इमरान, नब्बू, इब्ने, उमर, रऊफ, गफ्फार, सत्तार आदि रहे।