रामपुर। सांसद आजम खां की पत्नी और शहर विधायक डॉ. तजीन फात्मा के हमसफर रिसोर्ट में बिजली चोरी के मामले में शनिवार को स्पेशल जज ईसी एक्ट कोर्ट में तारीख थी। जिसमें एक्सईएन विद्युत से जिरह हुई। अब इस मामले में कोर्ट ने अगली तारीख दो नवंबर तय की है।
सपा सांसद आजम खां की पत्नी और शहर विधायक डॉ. तजीन फात्मा के खिलाफ शहर कोतवाली में पांच सितंबर 2019 में एक रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जिसमें आरोप था कि डॉ. तजीन फात्मा के हमसफर रिसोर्ट में चोरी से बिजली का प्रयोग होते हुए पाया गया था। इस मामले में उस वक्त डूंगरपुर बिजलीघर के जेई राहुल रंजन ने यह रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में विवेचना के बाद कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। इसके बाद इस मामले की सुनवाई एडीजे/स्पेशल जज ईसी एक्ट मोहम्मद रफी की कोर्ट में चल रही है। मामले में पिछली तारीख पर बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता भीष्म कुमार के बयान दर्ज कर जिरह शुरू की गई थी। शनिवार को कोर्ट में तारीख के दौरान एक्सईएन से जिरह पूरी हो गई है। बिजली विभाग के अधिवक्ता सर्वेश गुप्ता ने बताया कि मामले में शनिवार को एक्सईएन विद्युत से जिरह पूरी हो गई है। अब इस मामले में अगली तारीख दो नवंबर तय की गई है। जिसमें पूर्व एसडीएम पीपी तिवारी और एक अन्य गवाह ओमप्रकाश को गवाही के लिए तलब किया गया है।