रामपुर। प्रदेश की राज्यपाल एवं रजा लाइब्रेरी बोर्ड की अध्यक्ष आनंदी बेन पटेल ने कहा कि पुस्तकालय की 251 वर्षों की यह यात्रा इस सत्य का साक्ष्य है कि धरोहरें केवल स्मृति नहीं, बल्कि प्रेरणा होती हैं। यहां संरक्षित दुर्लभ ग्रंथ, पांडुलिपियां और कलात्मक कृतियां केवल ज्ञान की निधि ही नहीं हैं, बल्कि हमारी अस्मिता की पहचान हैं। ये हमें बार-बार स्मरण कराती हैं कि सभ्यता की जड़ों से जुड़े बिना प्रगति का वृक्ष कभी फल-फूल नहीं सकता।
राज्यपाल शुक्रवार को रजा लाइब्रेरी के 251 वें स्थापना दिवस के मौके पर पांच दिवसीय रजा लाइब्रेरी महोत्सव के उद्घाटन मौके पर वीडियो कॉन्फ्रेंस से बोल रही थीं। उन्होंने लखनऊ से इस महोत्सव का वर्चुअल उद्घाटन करते कहा कि धरोहरें केवल संरक्षित वस्तुएं नहीं होतीं, बल्कि वे संवाद करती हैं, हमारे इतिहास से, हमारे समाज से और हमारे भविष्य से।
कहा कि पुस्तकालय समाज का वह मौलिक स्तंभ हैं जो ज्ञान, शिक्षा और सृजनशीलता का पोषण करते हैं। यहां से उठती हुई पुस्तक की गंध और पृष्ठों पर अंकित अक्षर केवल शब्द नहीं होते, बल्कि अनुभवों, कल्पनाओं और गहन चिंतन की परंपराओं को आगे बढ़ाते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से नई दिल्ली में आयोजित ज्ञान भारतम् पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय साहित्यिक और वैज्ञानिक चेतना का विराट उत्सव था। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि गांधी जी के विचारों को जीवन का संकल्प बनाएं और तुलसी जी के रामराज्य को सामाजिक व्यवहार का आधार बनाएं।
इस अवसर पर निदेशक डॉ. पुष्कर मिश्र ने कहा कि महोत्सव का आयोजन हम दूसरी बार कर रहे हैं। पिछले वर्ष हमने पहला महोत्सव मनाया था। पुस्तकालय का मुख्य भवन सन् 1905 में निर्मित हुआ था। लाइब्रेरी में 21 से अधिक भाषाओं का संग्रह उपलब्ध है।
-
यह रहे मौजूद
अध्यक्षता सत्यवती कॉलेज, दिल्ली के इतिहास विभाग के प्रमुख व प्रख्यात इतिहासकार एवं लेखिका प्रोफेसर नीरजा सिंह ने की। इस सत्र में महारानी लक्ष्मीबाई कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, ग्वालियर की राजनीति वैज्ञानिक एवं लेखक एसोसिएट प्रोफेसर नीरज कुमार झा, इलाहाबाद संग्रहालय अध्यक्ष लेखक डॉ. राजेश कुमार मिश्र, डॉ. हफीजउर रहमान, डॉ. ज्योतिष जोशी , डॉ. हरिकृष्ण शर्मा के साथ ही डीएम जोगिंदर सिंह व एसपी विद्या सागर मिश्र भी मौजूद रहे।
-
शाम को भजन संध्या का किया गया आयोजन
रामपुर। रजा लाइब्रेरी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला में भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में गोस्वामी तुलसीदास एवं महात्मा गांदी के गीत प्रस्तुत किए गए। भजन संध्या की प्रस्तुति आकाशवाणी, दूरदर्शन एवं आईसीसीआर से मान्यता प्राप्त सुप्रसिद्ध कलाकार डॉ. सोनरूपा विशाल ने दी। उनके साथ सहायक कलाकारों की भी सहभागिता रही।