रामपुर। कोविड-19 के तहत टीकाकरण के संबंध में कम प्रगति वाले 27 ग्राम प्रधानों एवं कोटेदारों की बैठक जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में की गई। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि वे अपनी ग्राम पंचायत का तीन दिवस में शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन सुनिश्चित कराएं।
बैठक में जो ग्राम प्रधान उपस्थित नहीं हुए उनमें गोदी लालपुर, क्योरार और कुआं खेड़ा इन ग्राम प्रधानों को बुलाने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे उन्हें 15 जनवरी को दोपहर 12 बजे हर हाल में बुलाएं। साथ ही बन खेड़ा के प्रधान ने बताया कि उनके यहां 25 दिसंबर के बाद वैक्सीनेशन की टीम नहीं गई, जिस पर निर्देश दिया कि वहां जल्द टीम भेजी जाएं और वैक्सीनेशन पूर्ण कराया जाए। हामदाबाद के प्रधान एवं कोटेदार ने बताया कि उन्हें आशा द्वारा अवशेष व्यक्तियों की सूची नहीं उपलब्ध कराई गई, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी प्रकट की गई और जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी ग्राम प्रधानों को प्रत्येक दशा में सूची उपलब्ध करा दी जाए। कमरुद्दीन नगर के ग्राम प्रधान द्वारा समुचित उत्तर न दिए जाने और वैक्सीनेशन के प्रति उदासीनता के कारण उनका मानदेय काटे जाने का निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिया गया। बादली के प्रधान और कोटेदार द्वारा अपनी प्रगति बहुत अच्छी बताई गई, किंतु मिलान करने पर कम पाई गई। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि इनकी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर चेक करें और गलत पाए जाने पर कार्रवाई करें। पोर्टल पर चेक किए जाने पर ग्राम प्रधान व कोटेदार की रिपोर्ट सही पाई गई और कुल प्रगति 97.4 प्रतिशत पाई गई। जिलाधिकारी द्वारा सभी कोटेदारों एवं ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया गया कि वे अपने पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, सचिव ग्राम पंचायत, आशा एवं आंगनबाड़ी को क्रियाशील करते हुए छूटे हुए सभी लोगों को बुलाकर उनका वैक्सीनेसन कराएं। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन में सहयोग न करने वाले और वैक्सीनेशन कराने में बहाना बताने वाले लोगों के विरुद्ध नोटिस जारी की जाए और उनके विरुद्ध महामारी निवारण अधिनियम 1897 के तहत कार्रवाई की जाए।