रामपुर। उद्योगों को ट्रिपिंग और बिजली कटौती से होने वाले नुकसान को देखते हुए उद्योगपतियों ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण मंडल के एमडी को पत्र भेजकर समस्या का समाधान कराने की मांग की थी, जिस पर वहां से गठित कमेटी की टीम ने रामपुर पहुंचकर उद्योगपतियों से चर्चा की, जिसमें हैवी लोडर लाइन को जंगल से हटाकर रोड किनारे सिफ्ट करने पर सहमति बनी है। साथ ही 24 घंटे बिजली सप्लाई देने का वादा किया गया है।
रामपुर में मौजूदा समय में करीब दो हजार फैक्टरी हैं। इन फैक्टरियों में मोदी जिरोक्स फीडर पनवड़िया से एक लाइन जाती है, जिसके जरिये फैक्टरियों को सप्लाई मिलती है। मुख्यमंत्री के साफ तौर पर आदेश है कि फैक्टरियों को 24 घंटे बिजली सप्लाई मिलनी चाहिए, लेकिन इनको सिर्फ 19 घंटे ही सप्लाई मिल पा रही है। इसमें भी कई बार फाल्ट होने की वजह से दिक्कत होती है।
दरअसल, उद्योगों को सप्लाई देने वाली बिजली लाइन जंगल से होकर गुजर रही है। आंधी के दौरान तार टूट जाते हैं, जिससे सप्लाई में बाधा आती है। इससे सीधे तौर पर उद्योगों को 50 प्रतिशत तक झटका लग रहा है। इसको देखते हुए उद्योगपतियों ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण मंडल के एमडी को पत्र भी भेजा था। मेरठ से एक टीम गठित कर रामपुर भेजी गई, जिसमें व्यापारियों और उद्योगपतियों की सामूहिक बैठक की गई थी, जिसमें उद्योगपतियों ने अपनी समस्याएं रखीं थी। समाधान के तौर पर लाइन को बदलकर हैवी लोडर लाइन लगाने की सहमति बनी है। वहीं इस लाइन को वहां से हटाकर रोड साइड पर लिया जाएगा। वहीं उन्होंने 24 घंटे बिजली सप्लाई देने का वादा भी किया है।
इन फैक्टरियों को ज्यादा दिक्कत
शहर की कुछ फैक्टरियां ऐसी हैं, जिनको बिजली ट्रिपिंग और कटौती से काफी ज्यादा नुकसान हो रहा है। जिनमें खासतौर पर स्वाति मेंथाल, जीरो फूटप्रिंट प्राइवेट लिमिटेड समेत इंडियन टोनर एंड डेवलपर, मेंथाल एंड एलाइट प्रोडक्ट कंपनी प्रमुख रूप से हैं। इन फैक्टरियों में खासतौर पर झटका लगने से 50 प्रतिशत तक नुकसान हो रहा है। उत्पादन में रुकावट के चलते मॉल खराब हो रहा है।
-
मनमाने ढंग से कटौती
उद्योगपति विपिन गुप्ता ने बताया कि बिजली 24 घंटे देने का वादा किया गया था, लेकिन बाद में मनमाने ढंग से कटौती होने लगी, जिससे उद्योगों पर असर पड़ रहा है।
वर्जन:-
उद्योगों को बिजली संबंधी समस्याएं हैं, इन्हें एमडी पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम चीफ इंजीनियर और जिलाधिकारी रामपुर एवं एसइ रामपुर के संज्ञान में लाया गया है। एमडी के निर्देश पर डायरेक्टर टेक्निकल एनके मिश्रा उद्यमियों से मीटिंग भी कर चुके है। अधिकारी समाधान के प्रयास में लगे है। आशा है कि शीघ्र ही समाधान मिलेगा।
-श्रीष गुप्ता, चेयरमैन, आईआईए, रामपुर