नगर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रचार-प्रसार और हर घर तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच के लिए आउटरीच कैंपों की शुरुआत की गई है। जिसमें तीन अर्बन पीएचसी क्षेत्र में आउटरीच कैंप लगाकर 800 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही 50 से अधिक बच्चों का टीकाकरण भी किया गया। कैंप में गर्भवती महिलाओं का परीक्षण व टीकाकरण भी किया गया।
शासन के निर्देशों पर शहर में संचालित हो रहीं चारों अर्बन पीएचसी क्षेत्र में आउटरीच कैंपों का आयोजन किया जाना है। आउटरीच कैंप में संबंधित अर्बन पीएचसी के चिकित्सक व अन्य स्टाफ पीएचसी न बैठकर क्षेत्र के किसी भी मोहल्ले में कैंप लगाकर परीक्षण कर रहे हैं। आउटरीच कैंप की शुुुरुआत सीएमओ डा. शंकर लाल सारस्वत ने घेर मियां खां अर्बन पीएचसी से की। झूले वाली इमली में कैंप लगाया गया।
नेशनल हेल्थ मिशन नोडल डिप्टी सीएमओ डा. अनवर सादात ने बताया कि अब तक घेर मियां खां, बरेली गेट व सिटी डिस्पेंसरी क्षेत्र में कैंप लगाकर 800 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है। घेर मियां खां क्षेत्र में लगे कैंप में डा. हिना खान ने 331 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं दीं।
कैंप में 27 बच्चों का टीकाकरण कर आयरन सीरप भी बांटा गया। बरेली गेट अर्बन पीएचसी के तीतर वाली पाखड़ मोहल्ले में कैंप लगाया गया। कैंप में डा. सलीम व उनकी टीम द्वारा 321 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कैंप में 07 बच्चों का टीकाकरण भी किया गया। बुधवार को सिटी डिस्पेंसरी क्षेत्र में डा. हुमा परवीन के नेतृत्व में कैंप लगाकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।