समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाण पत्र, दो पेन कार्ड और दो पासपोर्ट मामले में शुक्रवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान कोर्ट ने तीनों मामलों को अलग-अलग करते हुए सुनवाई के लिए अलग-अलग तारीखें तय की हैं। साथ ही शुक्रवार को दो पासपोर्ट मामले में एफआईआर लेखक हेड कांस्टेबल अखिलेश कुमार की गवाही और जिरह की प्रक्रिया हुई।
अब इन मामलों में 25 फरवरी, 28 फरवरी और पांच मार्च को सुनवाई के लिए तारीख तय की गईं हैं। साथ ही तीन गवाहों को कोर्ट में पेश होने के लिए समन जारी किए गए हैं। अब्दुल्ला आजम के दो पासपोर्ट और दो पेन कार्ड मामले में सिविल लाइंस थाने में साल 2019 में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसके साथ ही गंज थाने में अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
इसमें दो पासपोर्ट मामले में सिर्फ अब्दुल्ला आजम, दो पेन कार्ड मामले में अब्दुल्ला आजम और आजम खां जबकि दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में अब्दुल्ला आजम, उनके पिता एवं सांसद आजम खां और उनकी मां एवं शहर विधायक डॉ. तजीन फात्मा को आरोपी बनाया गया है। ये तीनों मामले एमपी-एमएलए कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल कोर्ट) में चल रहे हैं। इनमें शुक्रवार को सुनवाई हुई।
वादी भाजपा नेता आकाश सक्सेना के अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने बताया कि शुक्रवार को दो पासपोर्ट मामले में एफआईआर लेखक हेड कांस्टेबल अखिलेश कुमार की गवाही और जिरह की प्रक्रिया हुई है। उनकी गवाही पूरी हो गई है। अब कोर्ट ने गवाही के लिए एक बैंक के शाखा प्रबंधक, एक स्कूल के प्रधानाचार्य और नगर पालिका के रजिस्ट्रार को समन जारी किया है। कोर्ट ने दो पासपोर्ट मामले में अगली तारीख 25 फरवरी, दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में 28 फरवरी और दो पेन कार्ड के मामले में अगली तारीख पांच मार्च तय की है।