रामपुर। आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग की टीम ने मीरापुर स्थित क्लीनिक पर छापा मारकर लड़का पैदा करने की दवाई देने वाले हकीम को पकड़ा है। टीम ने आरोपी हकीम के कब्जे से अनेक प्रकार की दवा बरामद की हैं। विभाग ने हकीम को नोटिस जारी कर तीन दिन में दवाखाने के कागज उपलब्ध कराने की मोहलत दी है।
आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग को शिकायत मिली कि तहसील स्वार के मीरापुर गांव में हकीम मारूफ अहमद लड़का पैदा होने की दवा दे रहा है। जबकि उसके पास दवाखाना चलाने का लाइसेंस नहीं है। लोगों को लड़का पैदा होने की दवाई देकर महिलाओं को गुमराह कर उनसे रुपये ऐंठ रहा है। इतना ही नहीं युवाओं को शरीर बनाने के प्रोडक्ट व दौड़ के समय सांस न फूलने की भी दवाई देता है ।
शिकायत के आधार पर टीम ने मौके पर हकीम को लड़का होने की दवाई देते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। टीम ने लड़का होने की दवा लेने आईं महिलाओं के बयान भी दर्ज किए। महिलाओं ने बताया कि हकीम सात सौ रुपये में लड़का होने की दवा दे रहे हैं, इसीलिए हम भी लड़का होने की दवा लेने आए हैं। टीम ने जब हकीम से दवाखाना चलाने के अभिलेख मांगे तो वह कोई कागज नहीं दिखा पाया, जिसके बाद दवाखाने को सील कर दिया गया।