रॉयल फेबल्स के कार्यक्रम में पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां।
- फोटो : अमर उजाला
रॉयल फेबल्स के दो दिवसीय कार्यक्रम में रामपुर रियासत की कला, संस्कृति, संगीत और दस्तरख्वान का शाही दौर नजर आया। देशभर की रियासतों के शासकों के वंशजों को एक मंच पर लाने वाले रॉयल फेबल्स की शाही महफिल में किशनगढ़ के महाराज बृजराज सिंह, महारानी मीनाक्षी देवी, रालोद प्रमुख और राज्यसभा सांसद जयंत चौधरी व पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। नई दिल्ली के डीएलएफ इम्पोरियो में रॉयल फेबल्स के 12वें सत्र का यह भव्य आयोजन अंशू खन्ना, वरुण खन्ना और सफीर आनंद ने किया था।
यह कार्यक्रम 14 और 15 अक्तूबर को आयोजित किया गया है। सजी महफिल में वो यादगार पल रहा जब सभी राजघरानों की ओर से वांकानेर के महाराजकुमार रंजीत सिंह का सम्मान किया गया। शुक्रवार रात्रि हेरिटेज मोटरिंग क्लब ऑफ इंडिया की ओर से विंटेज कार रैली का भी आयोजन किया गया। राजशाही की आन-बान-शान रहीं विंटेज कारों के प्रेमी बेहद उत्साहित नजर आए। यहां रोल्स रॉयस, बेंटले, दैमलर, लैंचेस्टर, लगोंडा, मर्सिडीज, बुगाती, फोर्ड, लिंकन, पर्काड, डॉज, ऑस्टिन, फिएट, सिंगर जैसी तमाम कारें देखने को मिलीं।