टांडा (रामपुर)। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार रात को सड़क किनारे पर खड़े बड़े वाहनों से तेल चोरी करने वाले गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तेल, दो तमंचे, एक कार और एक कैंटर भी बरामद किया। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
बुधवार रात कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सेंटाखेड़ा जाने वाले रास्ते पर चार लोग कार और एक कैंटर के साथ खड़े हैं। गाड़ी में चोरी किया हुआ डीजल भरा है और आरोपियों के पास तमंचे हैं। आरोपी हाईवे पर खड़े वाहनों से तेल चोरी करते हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछने पर आरोपियों ने अपने नाम हाशिम, गुफरान, इदरीस और हासिम निवासी ग्राम मोहरका पट्टी थाना गजरौला जिला अमरोहा बताया। आरोपियों के पास से दो तमंचे 315 बोर, दो कारतूस के साथ दस कैन में भरा दो सौ लीटर डीजल, एक कार और एक कैंटर बरामद हुआ। पूछताछ में चोरों ने बताया कि आसपास के शहरों में सड़क किनारे, होटलों और ढाबों पर खड़े बड़े वाहनों से डीजल चोरी कर अन्य ड्राइवरों को बेच देते हैं।