सस्ते स्मार्ट फोन की हसरत लिए जिले के हजारों लोग पूरे दिन परेशान रहे। कोई अपने मोबाइल-लैपटॉप पर तो कोई साइबर कैफे पर रजिस्ट्रेशन की जुगत में लगा रहा। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया में दोपहर तक तो वेबसाइट ने साथ नहीं दिया।
इसके बाद जब वेबसाइट खुलनी शुरू हुई तो रजिस्ट्रेशन के लिए मांगी जा रहीं सूचनाएं दर्ज करने के बाद रजिस्ट्रेशन की पुष्टि नहीं हो सकी। लोग ठगा सा महसूस कर रहे थे। फ्रीडम 251 नाम से एक कंपनी ने सबसे सस्ते स्मार्ट फोन लोगों के लिए उपलब्ध कराने का दावा किया है।
इसको लेकर कंपनी की ओर से दो दिनों से समाचार पत्रों से लेकर सोशल साइट्स पर कंपनी के फोन का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसके लिए 18 से 21 फरवरी तक रजिस्ट्रेशन करने की बात कही गई है। कंपनी की ओर से वेबसाइट भी प्रचारित की गई। गुरुवार को लोग रजिस्ट्रेशन कराने के लिए सुबह छह बजे से मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर पर डटे रहे।
फार्म में नाम, पिन कोड, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी आदि जानकारी मांगी जा रही थीं। इन सभी जानकारियों को दर्ज करने के बाद जब लोगों ने प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रयास किया तो दोबारा होम पेज पर पहुंच गए। इतना ही नहीं दर्ज की सूचनाओं के आधार पर रजिस्ट्रेशन हुआ या नहीं इस बात की पुष्टि के लिए भी कंपनी की ओर से कोई रिप्लाई नहीं आया।
रजिस्ट्रेशन के लिए साइबर कैफे पर पहुंचे कई लोग अच्छी खासी रकम इंटरनेट प्रयोग में गंवा बैठे। लोगों ने विज्ञापन में दर्शाए गए रामपुर के डीलर के पते व मोबाइल नंबर पर संपर्क की कोशिश की, लेकिनसफलता नहीं मिली।