नगर के चार युवकों की कोसी नदी में डूब कर हुई मौत से उनके घरों में कोहराम मचा हुआ है।परिजनों के आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। वहीँ दूसरी ओर मृतकों के परिजनों के घरो पर सांत्वना देने वाले राजनीतिक तथा सामाजिक लोगों का ताँता लगा हुआ है।
ज्ञात हो की रविवार को नगर के चार युवक कोसी नदी में नहाने गए हुए थे। जहाँ पर लोगों के समझाने पर भी बात न मानते हुए नदी के सबसे गहरे हिस्से में नहाने पहुँच गए। अचानक साथी युवक को बचाने में चारो युवक नदी में समाते चले गए। घटना की सूचना पर चारों युवकों के घरो में कोहराम मच गया। टांडा पूरा बाजार बंद हो गया तथा मृतकों के घरो पर भीड़ जुटनी शुरू हो गई।
रविवार देर रात युवकों के शव को सुपुर्दे ख़ाक भी कर दिया गया। देर रात चारो युवको के दफ़न में सपा के स्वार टांडा से विधानसभा प्रत्याशी अब्दुल्ला आजम भी नसीर खां के साथ पहुँचे । यही सिलसिला सोमवार को भी रहा तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हाफिज अब्दुल सलाम भी परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे तथा उन्होंने कहा की शासन तथा प्रशासन की कमी के कोसी नदी पर लगातार हादसे हो रहे है। अगर प्रशासन द्वारा टूटे हुए पुल पर पुलिस की तैनाती कर दी जाती तो ये लगातार होने वाले हादसे नहीं होते।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मृतकों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये के मुआवजे तथा पुल के दोनों ओर पुलिस की तैनाती की मांग की। इस दौरान कारी अब्दुल मजीद, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मंसूर अली, एम सगीर, मुंशी खलील, मोहम्मद फईम, मोहम्मद सलीम, हाजी मोहम्मद यामीन,हाजी बाबू रहे।