शाहबाद(रामपुर)। स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉक्टर देवेश चौधरी ने बृहस्पतिवार को शाहबाद और सैफनी में बिना पंजीकरण चल रहे अस्पतालों के खिलाफ अभियान चलाया। चार अस्पतालों को अनियमितताओं के कारण सील कर दिया है।
पहले शाहबाद में अकरम फ्रैक्चर क्लीनिक के यहां पहुंचकर कार्रवाई की। यहां पर बिना पंजीकरण के क्लीनिक चलता मिला। जब मौके पर अन्य अभिलेख तलब किए गए तो इस क्लीनिक का संचालक अभिलेख नहीं दिखा सका, जिस पर नोडल अधिकारी ने इसको सील कर दिया।
इसके बाद उवैस फ्रैक्चर क्लीनिक पर कार्रवाई की गई। यहां भी बिना पंजीकरण के क्लीनिक चलता हुआ मिला है। इसको भी सील कर दिया गया है।
इसमें बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम सैफनी पहुंची। सैफनी में मोहम्मद कामिल का बच्चों का क्लीनिक बिना पंजीकरण के चल रहा था। इस अस्पताल को सील कर दिया गया।
सैफनी में ही स्टार हेल्थ केयर डॉ. अजीम के क्लीनिक पर अनियमितताएं मिलीं। यह क्लीनिक भी बिना पंजीकरण के चलता हुआ पाया गया। इसको भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया।
नोडल अधिकारी डॉक्टर देवेश चौधरी ने बताया कि चारों क्लीनिक बिना पंजीकरण के चलते पाए गए। चारों को सील कर दिया। इनके संचालकों पर एफआईआर कराई जाएगी।