रामपुर। संभागीय परिवहन विभाग की ओर से अब ई-रिक्शा चालकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार को यात्रीकर अधिकारी ने चार ई-रिक्शा पर कार्रवाई की। पुलिस ने चारों ई-रिक्शा को सीज कर थाना प्रांगण में खड़ा करा दिया हैं।
27 अप्रैल को अमर उजाला के अंक में पेज नंबर चार पर स्कूली वाहनों के रूप में प्रयोग हो रहे ई-रिक्शा, मानकों की कर रहे अनदेखी खबर प्रकाशित हुई थी। इसके बाद संभागीय परिवहन विभाग हरकत में आया। संभागीय परिवहन विभाग ने ई-रिक्शा में स्कूल ले जाने वाले ई-रिक्शा संचालकों पर शिकंजा कसने की तैयारी की। जिसमें ई-रिक्शा चालकों की यूनियन के पदाधिकारियों को ई-रिक्शा में चार से अधिक बच्चे न बैठाने को कहा। इसके बाद यात्रीकर अधिकारी अनीता वर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग पर निकली। उन्होंने चार ई-रिक्शा पर क्षमता से अधिक सवारियों को ले जाने पर सीज कर दिया। यात्रीकर अधिकारी अनीता वर्मा ने बताया कि शनिवार को अभियान चलाया गया था जिसमें एक ई-रिक्शा में चार से अधिक स्कूली बच्चों को ले जाने पर कार्रवाई की हैं। चारों ई-रिक्शा को सीज कर दिया गया हैं। सोमवार से पूरे जिले में ई-रिक्शा को लेकर अभियान चलाया जाएगा।