बिलासपुर। साइबर अपराधियों ने बृहस्पतिवार को पूर्व ब्लॉक उप प्रमुख मोहम्मद हसन का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया। हैकर्स ने उनके परिचितों को जरूरी काम बताकर मैसेज भेजे और रुपयों की मांग की।
मोहम्मद हसन भोट थाना क्षेत्र के ग्राम अलीपुर ठेका के निवासी हैं और मौजूदा ग्राम प्रधान के पति हैं। परिचितों ने जब उनसे निजी तौर पर संपर्क किया तो उन्हें व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने की जानकारी मिली। उन्होंने सभी परिचितों से अपील की है कि उनके नाम पर सोशल मीडिया के जरिए पैसे मांगने वाले को कोई भी रकम न भेजें। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत साइबर सेल में कर दी गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्षेत्र में इससे पहले भी कई लोगों के व्हाट्सएप और फेसबुक अकाउंट हैक कर रुपयों की मांग की घटनाएं हो चुकी हैं। सीओ हर्षिता सिंह ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध मैसेज पर पैसा न भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी के भी नाम से पैसे मांगने का मैसेज आने पर डिजिटल लेनदेन से पहले संबंधित व्यक्ति से निजी तौर पर पुष्टि जरूर करें और तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। संवाद