स्वार। वन विभाग की टीम ने मंगलवार रात खैर की लकड़ी से लदा कैंटर पकड़ लिया। इस दौरान टीम ने कैंटर चालक और एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। बरामद कैंटर लकड़ी सहित पीपली वन रेंज कार्यालय ले जाया गया। मामले की रिपोर्ट कोतवाली स्वार में दर्ज कराई गई है।
वन रेंजर मुजाहिद हुसैन ने बताया कि मंगलवार रात वन दरोगा गौरव चौधरी को सूचना मिली थी कि स्वार बाजपुर रोड स्थित चीपर परिसर में प्रतिबंधित खैर की लकड़ी कैंटर में लादकर हरियाणा के कुंडली ले जाई जा रही है।
वन दारोगा प्रिंस और बलविंदर सिंह ने कैंटर पकड़ने के लिए मौके पर छापा मारा। लेकिन, तब तक कैंटर वहां से निकल चुका था। टीम को जानकारी मिली कि कैंटर रामपुर दिशा में गया है। टीम ने पीछा किया तब समोदिया के पास जा रहे कैंटर को रोक लिया गया।
टीम ने एक तस्कर और चालक को पकड़ लिया। कैंटर की तलाशी के दौरान उसमें 45 क्विंटल खैर की लकड़ी बरामद हुई। लकड़ी लदा कैंटर और चालक तथा तस्कर को सलारपुर रेंज कार्यालय ले जाया गया।
वन दरोगा गौरव चौधरी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में जिला गोंडा के गांव पाठक पुरवा करनैलगंज का शुभम कुमार और गांव गोविंदा इटियाथोक का उमा शंकर शुक्ल हैं।
बताया कि इनके फरार साथियों में रामपुर के थाना गंज के गांव सैजनी नानकर निवासी मुनव्वर अली और वाजिद आदि शामिल हैं। दरोगा गौरव चौधरी ने दोनों तस्करों को पुलिस के हवाले कर दिया।
स्वार कोतवाली में पांच तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कोतवाल कुलदीप सिंह का कहना है वन दरोगा की तहरीर के आधार पर पांच वन तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बरामद लकड़ी पीपली वन क्षेत्र की बताई जा रही है।