बिलासपुर। अभिभावकों ने कहा कि प्राइवेट स्कूलों में फीस के नाम पर लूट की जा रही है। इस मामले में उन्होंने तहसील परिसर में एकत्र होकर प्रदर्शन किया। एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर तत्काल निजी स्कूलों की मनमानी रोकने की मांग की है।
बुधवार सुबह भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह गिल के नेतृत्व में काफी संख्या में अभिभावक तहसील पहुंचे। वहां उन्होंने निजी स्कूलों के खिलाफ प्रदर्शन किया और नारे लगाए।
इसके बाद एसडीएम अनुराग सिंह से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। अभिभावकों ने बताया कि प्राइवेट स्कूलों में नियम विरुद्ध तरीके से फीस बढ़ाई जा रही है। वार्षिक शुल्क के नाम पर लूट की जा रही है। स्कूल बस का किराया बढ़ाया जा रहा है। ड्रेस व बुक-स्टेशनरी स्कूल या किसी निश्चित दुकान से लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
एसडीएम ने शीघ्र ही कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान जागीर सिंह, सर्वजोत सिंह, जयदीप सिंह, गुरदीप सिंह, दलजीत सिंह, अंतराम, रंजीत कौर, मनप्रीत कौर, गुरप्रीत कौर, सतनाम सिंह, चरनजीत कौर, पलविंदर सिंह आदि शामिल रहे।