काटने के लिए ले जा रहे गोवंशीय पशुओं को बरामद करने पहुंची पुलिस पर तस्करों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग से पुलिस कर्मियों में भगदड़ मच गई। पुलिस वाले जीप के पीछे जा छिपे। इसी बीच पशु तस्कर फरार हो गए। पशु तस्करों के भागने पर पुलिस ने मौके से 41 पशु बरामद किये, जिसमें गोवंशीय पशु भी थे। नामजद सहित बीस अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
सिविल लाइंस पुलिस को मंगलवार की सुबह सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी संख्या में गोवंशीय पशुओं को काटने के लिए ताशका व कांशीराम कालोनी होते हुए घेर मर्दान खां पैदल ले जा रहे हैं। सूचना पर दरोगा बिक्रम सिंह सिपाहियों के साथ बरेली गेट के पास पहुंच गए। पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी करके पशुओं को ले जा रहे लोगों को पकड़ने की कोशिश की तो पशु तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। दरोगा व सिपाहियों ने जीप के पीछे छिपकर खुद को बचाया। इस बीच पशु तस्कर निकल भागे।
फायरिंग की सूचना पर कई और थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई, हालांकि पशुओं को छोड़ कोई और हाथ नहीं लगा। बाद में पुलिस ने मौके से 41 पशु बरामद किए जिसमें गोवंशीय पशु भी थे। सिविल लाइंस प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि पुुलिस पर फायरिंग और पशु क्रूरता अधिनियम में एफआईआर दर्ज की गई है।