बिलासपुर। लालपुर में मंगलवार की देर रात एक झोपड़ी में जल रही मोमबत्ती के गिरने से पांच झोपड़ियां राख हो गईं। आग की चपेट में आने से पांचों झोपड़ियाें में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया और दो बकरी भी जिंदा जल गईं। एक श्रमिक की झोपड़ी में रखा शादी का सामान भी राख हो गया है। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
कोतवाली क्षेत्र की ईसानगर चौकी क्षेत्र के गांव लालपुर के जंगल में कुछ श्रमिक झोपड़ी डालकर रहते हैं। ग्रामीणों के अनुसार गांव निवासी सुनील की झोपड़ी में मंगलवार की रात करीब 10:30 बजे जल रही मोमबत्ती अचानक गिर गई। जिसकी वजह से झोपड़ी में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग लगते ही सुनील के परिवार में जाग हो गई और चीखपुकार मच गई। इस दौरान आग पड़ोसी देव कुमार, हरपाल, चंद्रकली, रमेश की झोपड़ियाें में भी फैल गई। लोगों ने आग को बुझाना शुरू कर दिया। मगर आग बुझने के बजाय और विकराल होती जा रही थी। सूचना पाकर चौकी प्रभारी महेश चंद भी पहुंच गए।
पुलिस ने तुरंत ही फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया। दमकल कर्मियों ने काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बुधवार की दोपहर ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर मामले की जानकारी एसडीएम व तहसील कार्यालय में दी। ब्लाॅक प्रमुख कुलवंत सिंह औलख भी दोपहर में मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने पीड़ितों से बात कर मदद कराने का आश्वासन दिया। ब्लाॅक प्रमुख ने तुरंत ही फोन करके राजस्व कर्मियों को मौके पर बुलाया और सभी पीड़ितों की सहायता करने को कहा। लेखपाल ने सभी पीड़ितों की झोपड़ियाें में हुए नुकसान का आकलन करना शुरू कर दिया।
पीड़ितों के अनुसार देव के घर में नकदी समेत करीब सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जबकि, अन्य चारों लोगों के घरों में करीब 50-50 हजार रुपये का घरेलू सामान व दो बकरियां जलकर राख होना बताया गया है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। एसडीएम अनुराग सिंह ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। घटना की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही पीड़ितों की सहायता की जाएगी।
आग की भेंट चढ़ गया दहेज का सामान
लालपुर निवासी देव ने बताया कि मार्च में उसकी भतीजी की शादी होने वाली है। उसके भाई ने अपनी बेटी की शादी में दहेज के रूप में दिया जाने वाला सामान भी उसकी झोपड़ी में रख दिया था। जो आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गया है। अब उसके सामने शादी करने का भी संकट पैदा हो गया है।