रामपुर। जिले में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया। रात में रुक-रुककर बारिश होती रही। अब तक सामान्य से अधिक 5.2 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। ऐसे में बारिश ने किसानों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। यदि आगामी दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहा, तो किसानों की फसलों को नुकसान हो सकता है। हालांकि, कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल बारिश से किसी भी तरह की फसल को नुकसान नहीं है।
पिछले कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड ने पहले से ही लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था। वहीं, अब मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। बुधवार की रात और गुरुवार सुबह को जिले में रुक-रुक बारिश होती रही। रात से लेकर सुबह तक 5.2 मिलीमीटर बारिश हो गई थी। जो कि सामान्य बारिश से कहीं अधिक है। इन दिनों सामान्य बारिश 0.1 मिलीमीटर मानी गई है। लेकिन, सामान्य से अधिक बारिश होने की वजह से किसानों की बैचेनी बढ़ गई है। दरअसल, इन दिनों मटर, मिर्च, गोभी, सरसों आदि की फसलें लगभग तैयार हो चुकी हैं। ऐसे में यदि और बारिश हुई, तो इससे फसलों को नुकसान होने की संभावना है। जिला कृषि अधिकारी नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि अभी ज्यादा बारिश नहीं हुई है। सर्दी के मौसम में इतनी तो ओस पड़ जाती है। इससे फसल में कोई बीमारी भी लगने की संभावना नहीं है। लिहाजा, फिलहाल किसानों को चिंतित होने की जरूरत नहीं है। लेकिन, अधिक बारिश हुई, तो फसलों को नुकसान जरूर हो सकता है।