स्वार। बिजली कटौती और ओवरलोड की समस्या के खिलाफ भाकियू लोक शक्ति के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने ग्रामीण क्षेत्रों में कम से कम 18 घंटे बिजली आपूर्ति कराने और खेमपुर व नरपतनगर क्षेत्र के लिए नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित कराने की मांग उठाई।
जिला प्रवक्ता आसिफ हुसैन अजहरी के नेतृत्व में किसान बिजली घर पहुंचे जहां उन्होंने अनियमित बिजली आपूर्ति को लेकर प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। जिला प्रवक्ता ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती से किसान, व्यापारी, विद्यार्थी और आम उपभोक्ता परेशान हैं। फीडरों पर अधिक भार होने के कारण बार-बार ट्रिपिंग की समस्या भी बनी रहती है। उन्होंने खेमपुर और नरपतनगर के लिए स्वतंत्र बिजलीघर स्थापित कराने की मांग की।
किसान नेता मुदास्सिर खान ने राजनगर और पुसवाड़ा फीडर को स्वार ग्रामीण बिजलीघर से जोड़ने, ओवरलोड फीडरों, ट्रांसफार्मरों और लाइनों का सर्वे कर क्षमता बढ़ाने की मांग की। मांगों के संबंध में जेई ग्रामीण श्याम सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर इंतेखाब हुसैन, नरेश कुमार, शमशेर सिंह, गगन चीमा, इमरान खां और आलिम अली आदि मौजूद रहे।