रामपुर। जिले में किसानों की समस्या कम होती नहीं दिख रही है। धान क्रय सत्र शुरू हुए 15 दिन बीत गए हैं लेकिन,किसानों का भुगतान की प्रक्रिया अभी तक पटरी पर नहीं आ सकी है। हालात यह हैं कि जिले में पीसीएफ के किसी भी क्रय केंद्र पर अभी तक एक भी किसान का भुगतान नहीं किया जा सका है।
जिले में धान क्रय सत्र शुरुआत से ही गड़बड़ाया हुआ चल रहा है। एसडीएम, एडीएम से लेकर डीएम तक के निरीक्षण में क्रय केंद्रों पर अनियमितताएं सामने आ रही हैं। धान खरीद में फर्जीवाड़े भी सामने आ रहे हैं। जो किसान की जगह बिचौलियों के धान खरीदे जाने की आशंका को मजबूती देता है। किसान लगातार अपनी समस्याएं उठा रहे हैं। इस सबके बीच जिन किसानों ने अपना धान क्रय केंद्रों पर बेच दिया है उनके धान का भुगतान भी समय से नहीं हो पा रहा है। जिले में 146 क्रय केंद्रों पर धान खरीद की जा रही है, इनमें से 36 क्रय केंद्र पीसीएफ के हैं। इन क्रय केंद्रों पर 13 अक्तूबर तक करीब 1180 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी थी। लेकिन, इस खरीद के बाद 14 अक्तूबर तक किसी भी किसान को उसके धान का भुगतान नहीं किया जा सका है। हालांकि इसके बीचे संस्था को ऊपर से ही भुगतान के लिए बजट न मिलने की बात कही जा रही है लेकिन, वजह जो भी हो किसान तो भुगतान के लिए परेशान हो ही रहा है।