एलान के मद्देनजर दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर तैनात पुलिस
- फोटो : amar ujala
नए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर दिल्ली की सीमा पर बैठे किसानों के समर्थन में जिले के किसानों ने 25 दिसंबर को दिल्ली कूच करने का एलान किया है। अकेले बिलासपुर क्षेत्र से पांच हजार किसानों के दिल्ली का रुख करने की तैयारी है। पुलिस और प्रशासनिक अफसर 25 दिसंबर की तैयारी कर रहे किसानों को समझाकर रोकने की कोशिश में लगे हैं। हालांकि बुधवार को इस तरह के प्रयासों को कामयाबी नहीं मिली।
किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए पुलिस पिछले कई दिनों से कोशिश कर रही है। मंगलवार को बरेली,पीलीभीत व आसपास के किसानों की रामपुर-मुरादाबाद सीमा पर पुलिस के साथ भिड़ंत हो गई थी। उग्र किसानों ने मुरादाबाद के एसएसपी की कार में तोड़फोड़ भी कर दी थी। इसके बाद किसानों ने मूंढापांडे स्थित टोल प्लाजा पर जाम भी लगा दिया था। सवा सात घंटे के जाम के बाद पुलिस को बैरियर हटाने पड़े थे। इसके बाद किसान दिल्ली की ओर बढ़ गए थे।
इस घटना के बाद से किसानों के मामले में पुलिस और प्रशासन के अफसर फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं। इस बीच 25 दिसंबर को बिलासपुर क्षेत्र से ही पांच हजार किसानों के दिल्ली कूच के एलान ने अफसरों को चिंता में डाल दिया है। अफसर किसान नेताओं से संपर्क बनाए हुए हैं। बुधवार को भी संवाद हुआ लेकिन फिलहाल किसानों का इरादा बदल पाने में कामयाबी नहीं मिली है। इस बीच किसान नेता गोपनीय बैठकों में 25 दिसंबर को दिल्ली कूच करने की रणनीति बनाने में जुटे हैं।
किसानों ने 25 दिसंबर को दिल्ली कूच करने का एलान कर रखा है। किसानों को समझाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस और प्रशासन किसान नेताओं और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के संपर्क में है।
- आन्जनेय कुमार सिंह, जिलाधिकारी