रामपुर। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेेेश टिकैत ने कहा कि किसानों की समस्याओं का हल बातचीत से ही निकलेगा। राकेश टिकैत लखीमपुर से लौटते वक्त रामपुर में कोयला टोल प्लाजा और रामपुर स्थित भाकियू कार्यालय पर किसानों से मिले।
राकेश टिकैत ने इस दौरान किसानों से कहा कि डटे रहो, अभी बहुत लंबी जंग लड़नी है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या का हल बातचीत से ही निकलेगा। दिल्ली में 12 बार सरकार से बातचीत हो चुकी है लेकिन, अभी तक हल नहीं निकला है। कहा कि सरकार किसी की भी हो बातचीत ही किसानों की समस्या सुलझा सकती है। कहा कि लखीमपुर में जानबूझकर गाड़ियों से कुचलकर किसानों की हत्या की गई है। पुलिस इसकी चश्मदीद गवाह है, इसको लेकर तमाम वीडियो भी मौजूद हैं, जो मीडिया तक जल्द ही पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस को निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए। कहा कि लखीमपुर घटना से किसानों के आंदोलन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। जब तक तीनों कानून वापस नहीं हो जाते हैं उनका आंदोलन जारी रहेगा। इसके बाद राकेश टिकैत दिल्ली रवाना हो गए। जिलाध्यक्ष हसीब अहमद भी उनके काफिले में मुरादाबाद तक शामिल रहे।