भवरकी गांव में रास्ते में पड़े एचटी लाइन के तार से रविवार को एक किसान की
करेंट लगने से मौत हो गई। वह साइकिल से अपने खेत पर जा रहा था। घटना से
गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया। बाद में मौके
पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
वहीं
किसान की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पटवाई थाना क्षेत्र के
गांव भवरकी निवासी रोहन सिंह पेशे से किसान थे। बताया जाता है कि सुबह के
समय वह साइकिल से खेत पर जा रहे थे। रास्ते में पड़े 11 हजार की लाइन टूटकर
गिरी हुई थी। इस दौरान वे करेंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस
गए।
राहगीरों ने किसान को मृत अवस्था में पड़े देखा। उसके बाद आसपास के लोग
मौके पर एकत्र हो गए। बाद में मामले की जानकारी उनके परिवार के लोगों को
दी। सूचना के बाद वह भी वहां पर पहुंच गए, जहां रोहन के शव को देखकर परिवार
के लोगों ने रोना पीटना शुरू कर दिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बिजली विभाग
के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे
लोगों को शांत करा दिया। इसके बाद पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर
पोस्टमार्टम कराने के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक के रिश्तेदार की
ओर बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी गई है।