स्वार। कोतवाली क्षेत्र के बिजारखाता गांव कुछ लोगों ने ठेला हटाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद गर्भवती और उसके परिजन के साथ जमकर मारपीट कर दी। पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर घटना की पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़िता शहनाज ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि छह अप्रैल को पीड़िता के पिता मुख्तार अहमद ने अपने भतीजों से दुकान के सामने से ठेला हटाने को कहा, जिस पर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची पीड़िता और उसकी मां के साथ भी लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला किया गया। बताया कि पीड़िता छह माह की गर्भवती है और उसके पेट पर भी वार किए गए।
कोतवाल संजीव कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आजम, जुनैद, फरहा, फिरदौस और महक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद