रामपुर। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी जैसे ही हुनरहाट में बनाए गए अस्थाई हॉल में आए और अपनी कुर्सी पर बैठे, वैसे ही हुनरहाट के हॉल की अस्थाई छत की फॉल सीलिंग गिर गई। वह तो गनीमत रही कि छत की फॉर सीलिंग कुर्सी केे पीछे गिरी। हादसे में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी समेत प्रदेश सरकार में जलशक्ति राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं सीडीओ भी बाल-बाल बच गए।
रामपुर में 16 अक्तूबर से हुनर हाट का आयोजन होना है। इसके लिए नुमाइश ग्राउंड पर जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं। गुरुवार को दोपहर करीब दो बजे केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी रामपुर आ गए और हुनर हाट की तैयारियों का जायजा लिया। इसके साथ पहले से ही प्रस्तावित प्रेस कांफ्रेंस के लिए हुनर हाट में ही एक हाल तैयार कराया गया। लेकिन, कार्यदायी संस्था की बदइंतजामी की वजह से बड़ा हादसा होने से बच गया। दरअसल, जल्दबाजी में संस्था की ओर से हॉल तैयार कराया गया था, जहां मुकम्मल इंतजाम नहीं थे। जबकि, प्रेस कांफ्रेंस तीन दिन पहले से प्रस्तावित थी। यहां तक कि केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा का भी ध्यान नहीं रखा गया। दरअसल, दोपहर को केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी प्रेस कांफ्रेंस के लिए हॉल में आकर अपनी कुर्सी पर बैठ गए। उनके बराबर में प्रदेश सरकार के जलशक्ति राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल, मुख्य विकास अधिकारी गजल भारद्वाज भी आकर अपने-अपने स्थान पर बैठ गए। चंद मिनट के बाद ही हॉल की अस्थाई छत की फॉल सीलिंग गिरने लगी। एक-एक कर लाइन से छत की फॉर सीलिंग गिरने लगी। वह तो कुर्सियों के पीछे खड़े डीएम के अर्दली नब्बू खां और अन्य लोगों ने फॉर सीलिंग को अपने ऊपर ले लिया। केंद्रीय मंत्री भी नजारा देख अचंभित हो गए। इससे हड़कंप मच गया। केंद्रीय मंत्री समेत तमाम नेता और अधिकारी बाल-बाल बच गए। बाद में केंद्रीय मंत्री ने लोगों से शांत होने की अपील की, जिसके बाद प्रेस कांफ्रेंस शुरू हो सकी।