3.43 लाख वोटरों को जारी किए जाने थे नोटिस, 8612 ने दाखिल नहीं किया जवाब
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। एसआईआर के तहत तैयार की जा रही मतदाता सूची को अपडेट करने की तारीख और बढ़ा दी गई है। तारीख बढ़ने के एलान के बाद जिले के 1.94 लाख वोटरों को प्रशासन के सामने अपना पक्ष रखने का मौका मिल सकेगा। वे लोग छह मार्च तक अपना पक्ष रख सकेंगे। प्रशासन की ओर से अभी तक 1.94 लाख वोटरों को नोटिस नहीं भेजे गए थे।
जिले में प्रशासन की ओर से 3.43 लाख वोटर संदेह के घेरे में आए थे जिसके बाद प्रशासन की ओर से 2.67 लाख वोटरों को नोटिस जारी किए गए थे,जबकि 1.94 वोटरों को अभी तक नोटिस ही जारी नहीं हुए थे।
इस बीच दावे और आपत्तियों को दाखिल करने का काम कराया जा रहा है जिसकी शुक्रवार को आखिरी तारीख थी। इस बीच चुनाव आयोग ने अब एसआईआर में दावे व आपत्तियों को दाखिल करने की तारीख को बढ़ा दिया है। आयोग की ओर से अब छह मार्च की तारीख तय की गई है।
आयोग के इस फैसले के बाद 1.94 लाख वोटरों को अब अपना पक्ष रखने का मौका मिल सकेगा। इसके अलावा 8612 लोगों ने अभी तक जवाब नहीं दिया है उनको भी तारीख बढ़ने से मौका मिलेगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप वर्मा ने बताया कि अब दावा-आपत्तियों की तिथि को बढ़ाकर छह मार्च कर दिया है।