शाहबाद (रामपुर)। ट्रेन से कटकर पूर्व प्रधान की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बरेली पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद सोमवार को शव परिजनों को सौंप दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गुजरेला गांव निवासी सत्यभान (50) पूर्व प्रधान थे। रविवार दोपहर को अपने घर से शाहबाद में किसी काम से जाने के लिए कहकर निकले थे। देर शाम तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिवार वालों को चिंता होने लगी। परिवार के लोगों ने रिश्तेदारी और गांव में पूछताछ की। लेकिन, कुछ देर के बाद ही बरेली के थाना आंवला से दुर्घटना की सूचना आ गई। मृतक की बेटी अन्नू ने बताया कि आंवला के रेवती बहोड़ा फाटक के निकट पिता की रेल से कटकर मौत हो गई। उधर, आंवला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जनपद बरेली भेज दिया था। सोमवार देर शाम को शव के पहुंचने के बाद परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई और देर शाम को ही अंतिम संस्कार कर दिया गया।