रामपुर। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अजहर अहमद खां के डूंगरपुर प्रकरण के आठ मामलों में कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 11 जुलाई की तारीख तय की है।
पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां के खिलाफ गंज थाने में साल 2019 में 12 मामले दर्ज किए गए थे। इसके साथ ही उनके खिलाफ कोतवाली थाने में पांच और सिविल लाइंस थाने में भी दो मुकदमे दर्ज हैं। मुकदमे दर्ज होने के बाद से ही अजहर अहमद खां फरार चल रहे थे। जिसके बाद पुलिस ने 23 अगस्त 2020 को उनकी कुर्की तक कर ली थी। इसके बाद भी वह पुलिस के हाथ नहीं आए।
बाद में पुलिस ने उन्हें भगोड़ा घोषित करते हुए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। पुलिस और कोर्ट की लगातार सख्ती के बाद 16 मार्च को उन्होंने मुरादाबाद कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। उनके खिलाफ मुरादाबाद में भी रामपुर की पूर्व सांसद व फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज था। बृहस्पतिवार को अजहर अहमद खां एमपी-एमएलए कोर्ट (सेशन ट्रायल) में पेश हुए, जहां पर डूंगरपुर से जुड़े आठ मामलों में सुनवाई हुई। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 11 जुलाई की तारीख तय की है।