रामपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक संजय कपूर के खिलाफ भोट थाने में दर्ज आचार संहिता उल्लंघन के मामले में सोमवार को गवाह के न आने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। कोर्ट ने इस मामले में अगली तारीख 22 दिसंबर तय की है।
मामला वर्ष 2017 विधानसभा चुनावों का है। संजय कपूर कांग्रेस के टिकट पर बिलासपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी थे। इस दौरान भोट थाना क्षेत्र के सनकरा गांव में हाईवे किनारे बने एक मार्केट में उनके पोस्टर चस्पा थे, लेकिन इन पोस्टर पर प्रकाशक और मुद्रक का नाम अंकित नहीं था। इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए निगरानी टीम के प्रभारी वसीम ने भोट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने विवेचना कर चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी थी।
इस वक्त ये मामला एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहा है, जिसमें संजय कपूर के खिलाफ आरोप तय हो चुके हैं और वे जमानत पर चल रहे हैं। कोर्ट में इस मामले में गवाही की प्रक्रिया चल रही है। सोमवार को इस मामले में कोर्ट में तारीख थी, जिसमें गवाह के न आने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। कोर्ट ने अब इस मामले में अगली तारीख 22 दिसंबर तय की है।