रामपुर। जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा समाप्त होने के साथ-साथ मूल्यांकन की तैयारी शुरू हो गई है। बोर्ड ने 23 अप्रैल से कॉपियों के मूल्यांकन को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश जारी कर दिया है। जनपद में इस बार ऑनलाइन सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए जिलेभर में दो मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा की तरह ही मूल्यांकन कार्य भी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगा। मूल्यांकन कक्ष राज्य व जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से जुड़ा रहेगा। अधिकारियों को निगरानी के लिए लगाया जा रहा है। कंट्रोल रूम में प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। संकलन केंद्र राजकीय रजा इंटर कालेज पर जमा उत्तर पुस्तिकाओं को जल्द ही कड़ी सुरक्षा के बीच यूपी बोर्ड की ओर से एलाट जिलों में भेजा जाएगा।
इस बार बोर्ड परीक्षा की तरह मूल्यांकन में भी परीक्षकों की डयूटी प्रयागराज स्थित मुख्यालय से ऑनलाइन लगाई जाएगी। इसके लिए शिक्षकों का डेटा ऑनलाइन बोर्ड कार्यालय को भेज दिया गया है। अचानक कोरोना के बढ़ते मामलों की गंभीरता के चलते मूल्यांकन केंद्रों पर कोविड-19 गाइड लाइन का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।