रामपुर। रामपुर विकास प्राधिकरण की ओर से अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की गई। भूखंडों के चिन्हीकरण के लिए की गई ईंट की चिनाई के कार्य को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया गया। रोक दीवार भी ढहा दी गई। आरडीए की ओर से अपील की गई है कि लोग अनधिकृत प्लाटिंग में कोई भी भूखंड न खरीदें।
अवैध प्लाटिंग को लेकर आरडीए की कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को डीएम के आदेश के बाद आरडीए की टीम ग्राम अजयपुर पहुंच गई, जहां प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत निर्माणाधीन भवनों के निकट वसीम खां, गुड्डू खां द्वारा गाटा संख्या 162, 163, 164 की लगभग 20 बीघा भूमि पर प्लाटिंग कर रहे थे। इसके लिए रोक दीवार का निर्माण भी कराया गया था। साथ ही भूखंडों के चिन्हांकन के लिए ईंट से चिनाई की गई थी। प्लाटिंग को लेकर कोई नक्शा पास नहीं कराया गया था। जिसके बाद आरडीए की ओर से 22 जनवरी 2020 को भू-स्वामियों को नोटिस जारी किए गए थे। किंतु, कोई जबाव नहीं दिया गया, जिसके चलते मंगलवार को आरडीए की टीम ने अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में अवर अभियंता रामकिशन सारस्वत, हरिओम गुप्ता तथा पीएसी, थाना गंज की पुलिस टीम व फायर टेंडर उपस्थित रहीं। नगर मजिस्ट्रेट हेम सिंह ने अपील की है कि लोग किसी भी भवन/भूखंड को क्रय करने से पहले तलपट मानचित्र स्वीकृति के संबंध में प्राधिकरण से पुष्टि अवश्य कर लें। अनधिकृत प्लाटिंग स्थल पर भवन/भूखंड क्रय न करें।