इमरजिंग प्लेयर अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच में फैंटेस्टिक क्लब ने आर्यन क्लब को 119 रन से करारी शिकस्त दे ट्राफी पर कब्जा कर लिया। फैंटेस्टिक क्लब की ओर से फारुख और जितेंद्र ने शानदार अर्द्धशतकीय पारियां खेलते हुए 68 और 53 रन बनाए। फारुख को मैन ऑफ द मैच और गोलू को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
ज्वाला क्लब मैदान पर चले टूर्नामेंट में रविवार को फाइनल मैच फैंटेस्टिक और आर्यन क्लब के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए फैंटेस्टिक क्लब ने निर्धारित 20 ओवर में 201 रन का विशाल लक्ष्य बनाया। फारुख ने 68, जितेंद्र ने 53 और शुभव ने 21 रन का योगदान दिया।
आर्यन क्लब के गेंदबाज फैंटेस्टिक क्लब के किसी भी बल्लेबाज को आउट नहीं कर सके। फैंटेस्टिक क्लब के तीन ही विकेट गिरे, जोकि रन आउट हुए। विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए आर्यन क्लब की टीम लड़खड़ा गई और महज 82 रन पर ही ढेर हो गई।
आर्यन क्लब की ओर से सिर्फ रोहित ही 16 रन बना सके शेष बल्लेबाजों का आंकड़ा इससे कम रहा। फैंटेस्टिक क्लब की ओर गेंदबाजी करते हुए गोलू ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन किया और चार विकेट झटके, जबकि पंकज और चेतन ने भी दो-दो विकेट लिए।
विजेता व उप विजेेत टीम को मुख्य अतिथि नोनीराम, राम सिंह और पूर्व रणजी खिलाड़ी विन शर्मा ने पुरस्कार वितरण किए। मैच में अंपायरिंग विवेक और मेघपाल ने की जबकि कमेंटरी वरुण, अमित, मनोज और मंसूर ने की।